एसएसबी मिर्चिया के जवानों ने गश्त के दौरान एक ट्रैक्टर व दो ट्रॉली से 4327 विदेशी जैकेट समेत दो लोगों को पकड़ा है। बरामद जैकेटों को कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी की मिर्चिया पोस्ट की पेट्रोलिंग पार्टी के राजीव बरुआ, इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह धोनी आदि ने गश्त के दौरान पिलर नंबर 197 के पास एक ट्रैक्टर को रोका, जिसमें दो ट्रॉलियां जुड़ी हुईं थीं। ट्रॉलियां तिरपाल से ढकी हुई थीं। तलाशी में जवानों ने ट्रॅालियों के अंदर से कई विदेशी जैकेट बरामद की हैं। पूछताछ में जैकेट के संबंध में पकड़े गए दो लोग कुछ भी नहीं बता सके, जिसके बाद दोनों को ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ मिर्चिया चेकपोस्ट पर लाया गया और उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। जैकेटों के बंडलों को उतारकर गिना गया तो उसमें से 4327 जैकेट बरामद हुईं। प्रभारी कमांडेंट कुमार राजीव रंजन ने बताया कि बरामद सभी जैकेट विदेशी हैं, जिनका सीजर बनाकर पलिया कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।