बच्ची समेत दो घायल, बहन से राखी बंधवाकर घर आ रहा था दीपक
नगर के मोहल्ला सर्वोदयनगर निवासी दीपक गुप्ता उर्फ दीपू (35) की संसारपुर के पास नेशनल हाइवे पर हुए सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दोस्त नीलेश वर्मा उर्फ गोलू (25) और भांजी नैना गुप्ता (8) गंभीर घायल हो गए, उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
परिवार वालों ने बताया कि दीपक 18 अगस्त को रक्षाबंधन पर अपने दोस्त गोलू वर्मा और भांजी नैना गुप्ता के साथ बाइक से थाना खुटार क्षेत्र के गांव मोहना मुरादपुर अपनी बड़ी बहन सुनीता गुप्ता से राखी बंधवाने गया था। घर वापस आते समय नेशनल हाइवे पर राजेपुर वाले मोड़ के निकट उसकी बाइक सामने से आ रहे ग्राम छत्तीपुर निवासी रवि शर्मा की बाइक से टकरा गई। बाइकों की भिड़ंत में दीपक समेत तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। इधर, खुटार की ओर से सेब भर कर गोला की तरफ जा रही डीसीएम चालक ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को एंबुलेंस से सीधे लखीमपुर भेजा गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे सीओ अनुराग दर्शन तथा सपा नेता नरेश यादव ने मृतक के परिवार वालों को सांत्वना दी तथा गुस्साए ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के समय दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
काफी हंसमुख था दीपक
गोला गोकर्णनाथ। मृतक दीपक के मोहल्ले और परिवार वाले बताते हैं कि दीपक काफी हंसमुख और मेहनती था। उसकी मां का काफी समय पहले निधन हो चुका है। दीपक की मौत से मोहल्ले में मातम छा गया है। रक्षाबंधन पर भाई की जुदाई में बहन सुनीता और रेनू, पिता भगवानदीन, बड़े भाई मुकेश कुमार का रो रोकर बुरा हाल है। बदहवास पत्नी लक्ष्मी की दशा देखकर लोगों के आंसू छलक आते हैं। लोगों ने बताया कि दीपक की शादी के 10 वर्ष बाद भी कोई संतान नहीं है।