लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर कैमहरा के पास हुई दुर्घटना
बेकाबू ट्रक दो रिटायर्ड शिक्षकों को रौंदकर खाई में पलटा
साइकिल से सुबह की सैर पर निकले थे दोनों चचेरे भाई
लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर गुरुवार सुबह पांच बजे एक बेकाबू ट्रक ने साइकिल से सुबह की सैर पर निकले सेवानिवृत्त शिक्षक कैमहरा निवासी देवदत्त वाजपेयी और देवेंद्र दत्त वाजपेयी को कुचल दिया। हादसे में देवेंद्र दत्त की मौके पर ही मौत हो गई जबकि देवदत्त ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों चचेरे भाई थे। हादसा चालक को झपकी लग जाने के कारण हुआ।
हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रक खाई में जाकर पलट गया। ट्रक पलटने से मुजफ्फरनगर निवासी चालक विकास सिंह और उसका छोटा भाई हेल्पर रवि सिंह घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैमहरा निवासी देवेंद्र दत्त वाजपेयी (69) और उनके चचेरे भाई देवदत्त वाजपेयी (63) बेसिक शिक्षा परिषद में अध्यापक थे। सेवानिवृत्त होने के बाद से दोनों सुबह साइकिल से सैर पर जाते थे। गुरुवार को भी दोनों अपनी साइकिलों से निकले थे। कैमहरा बिजली उपकेंद्र के पास गोला की ओर से एक मैजिक आ रही थी। उसे क्रास करते समय ट्रक ने दोनों साइकिल सवारों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। देवेंद्र दत्त की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल देवदत्त वाजपेयी, ट्रक चालक विकास सिंह, उसके छोटे भाई हेल्पर रवि सिंह को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से परिवार वाले देवदत्त को इलाज के लिए लखनऊ लेकर निकले लेकिन सिंधौली के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उधर, पुलिस ने हादसे में घायल चालक विकास सिंह के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी है। ट्रक पानीपत से प्लास्टिक दाना लेकर नेपाल जा रहा था। एसओ फरधान तपेश्वर सागर ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज होगी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संबधित खबर पेज तीन पर...