माता पिता का एकलौता पुत्र था तनिष्क
नगर में स्थित बजाज चीनी के क्रय केंद्र से ओवरलोड गन्ना भरकर ला रही ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचल कर नौ वर्षीय साइकिल सवार बालक तनिष्क की मौत हो गई। तनिष्क अपने माता पिता का एकलौता पुत्र था।
मोहम्मदी मार्ग पर सरायन नदी के पास निवास करने वाले व्यापारी विनोद जायसवाल का पुत्र तनिष्क साइकिल से घर का कुछ सामान लेने जा रहा था। वह सिकंद्राबाद जाने वाले तिराहे पर पहुंचा तभी पीछे से तीव्र गति से आ रही गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या यूपी 31एस 0307 ने उसे कुचल दिया,जिससे उसकी साइकिल कई टुकड़ों में बंट गई और तनिष्क गंभीर घायल हो गया, उसे सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली रोक ली जिसे कोतवाली पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। मृतक तनिष्क नगर की चिल्ड्रेन्स एकेडमी में कक्षा तीन का छात्र था। उसकी मौत से माता-पिता और दोनों बहनों का रो रोकर बुरा हाल है।