पुलिस ने जेल प्रशासन को कराया तामील
आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई कर दी है। जेल अधीक्षक को एनएसए संबंधी कागजात दे दिया गया है। उधर, तीसरे आरोपी आरिफ की तलाश में भी कई जगहों पर छापामारी की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका
मालूम हो कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला वीडियो वायरल होने के बाद पहली मार्च को हिंदू संगठनों ने विरोध जताया था, जिस पर पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी माज अहमद को पकड़ा था, जिसकी निशानदेही पर दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दो मार्च को ही पुलिस ने आरोपी माज अहमद और फैजल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा आरोपी आरिफ अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। आरिफ की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले जेल में बंद दोनों आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई है, जिसका तामील भी जेल प्रशासन को करा दिया गया है। एएसपी ने बताया कि फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। कई संभावित स्थानों पर भी छापामारी की गई है, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।