दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मैलानी रेंज की जटपुरा बीट में पिछले कई दिनों से
मौजूद तेंदआ गांव पूरनपुर से सटे खेतों में पहुंच गया, जहां उसने खेतों
में चर रही बकरियों पर हमला करके ग्रामीण मोती, चेतराम और इंद्रपाल की तीन
बकरियों को खा लिया। तेंदुए के बकरियों पर हमले से डरे-सहमे बच्चों ने रोते
हुए इसकी जानकारी परिवारीजनों को दी। इस पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे
ग्रामीणों को देखकर तेंदुआ बकरियों के अधखाए शव छोड़कर गन्ने के खेत में
चला गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने वहां प्रदर्शन करके वन विभाग से तेंदुआ
पकड़ने की मांग की। ग्रामीण चेतराम, सुखराज सिंह, गुरप्रताप सिंह, लक्खा
सिंह, प्रहलाद, चेतराम, इंद्रपाल आदि ने बताया कि पिछले कई दिनों से तेंदुआ
जंगल से निकलकर गांव के आसपास चहल-कदमी कर रहा है। तेंदुआ शिकार की तलाश
में दिन रात लोगाें के घरों के किनारे और गांव से सटे गन्ने खेतों में
छिपकर बैठा रहता है। इससे ग्रामीण रात भर सो नहीं पा रहे हैं। उधर इस संबध
में डीएफओ साउथ नीरज कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है।
वनकर्मियों की टीम मौके पर रवाना की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता
बरतने की ताकीद की है।
बंजरिया के खेतों में दिखे बाघ के पदचिह्न
पसगवां।
क्षेत्र के गांव बंजरिया के खेतों में बुधवार की सुबह बाघ के पदचिह्न देखे
गए। सूचना पर पहुंची वन कर्मियों की टीम ने पदचिह्न बाघ के होने की पुष्टि
की है। इससे ग्रामीणों में दहशत है।