सदर कोतवाली और भीरा थाना क्षेत्र में हुए हादसे
जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पिकअप की टक्कर से ट्रैक्टर पर सवार युवक की मौत
शुक्रवार की देर शाम गांव हसनापुर (ओयल) निवासी रमेश वर्मा गांव थाना फरधान के गांव सिकटिहा निवासी बहनोई उमेश के साथ ट्रैक्टर से आ रहा था। लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर सामने से आ रही पिकअप ने साइड से ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। अगला और पिछला पहिया फटने से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पास में बनी पुलिया से जा टकराया। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे रमेश वर्मा घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के गांव बझेड़ा निवासी 21 वर्षीय रामसहाय उर्फ सिपाही अपने चचेरे भाई 20 वर्षीय गंगाराम के साथ शुक्रवार की शाम गुलरिया चीनी मिल से वापस घर आ रहा था। लखीमपुर-पलिया हाईवे पर मुड़िया हेमसिह चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे रमासहाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई गंगाराम घायल हो गया। सूचना पर पहुंची बिजुआ चौकी पुलिस ने शव को कब्जे लेकर घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शनिवार की दोपहर बाद गंगाराम ने भी दम तोड़ दिया। मृतक रमासहाय उर्फ सिपाही की शादी आठ माह पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी और परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।