नगर में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, इन दिनों नगर में चोर सूने पड़े मकानों को निशाना बना रहे हैं। सिलसिलेवार हो रही चोरी की चौथी घटना में चोरों ने मोहल्ला ऊंची भूड़ में एक सूने पड़े मकान का ताला तोड़कर हजारों की चोरी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला ऊंची भूड़ निवासी मुकेश कुमार के सूने पड़े मकान का 2/3 दिसंबर की रात चोरों ने ताला तोड़कर हजारों की चोरी कर ली। मुकेश कुमार ने बताया कि उनका मकान जर्जर हालत में है इसलिए दुर्घटना की आशंका वश अलीगंज रोड पर किराए का मकान लेकर परिवार सहित रहते हैं। मोहल्ले के मकान में दिन भर तो परिवार का कोई न कोई सदस्य बना रहता है कि लेकिन रात में मकान पर ताला डाल दिया जाता है। तीन दिसंबर की सुबह जब वह मकान पर आए तो दरवाजा खुला था, अंदर जाकर देखा तो संदूक खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर कमरे में रखे टीवी, बैटरी, चार्जर, पुराने बर्तन, घरेलू सामान सहित हजारों का सामान ले गए थे।
सूचना पर पहुंचे नानक चौकी इंचार्ज दिनेश यादव ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है।
--
सूने पड़े मकान चोरों के निशाने पर
गोला गोकर्णनाथ। यहां सूने पड़े मकान चोरों के निशाने पर हैं। चोर 22/23 नवंबर की रात में लक्ष्मीनगर निवासी प्रधानाचार्य अंबरीश कुमार, 28/29 नवंबर की रात में मोहल्ला मुन्नूगंज में देवीदयाल वर्मा और छत्रपाल के सूने पड़े मकान का ताला तोड़ने के बाद कई कमरों को खंगालने के साथ लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। काफी प्रयासों के बावजूद पुलिस के हाथ चोरों तक नहीं पहुंच सके हैं।