नगर के मोहल्ला पटेलनगर कॉलोनी में गुरुवार रात को मोहल्ले वालों ने चोरी का प्रयास करते दो आरोपियों को पकड़कर जमकर पीटा और उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मोहल्ला मुन्नूगंज कोठी भट्ठा निवासी रुकसार ने बताया कि 21 जनवरी की शाम को वह पटेल नगर निवासी अपने बहनोई कैसर के यहां दावत में गया था। दावत के बाद वह रात को मेहमानों के साथ आग ताप रहा था। मुन्नूगंज निवासी बबलू रात एक बजे पेशाब करने के लिए घर से बाहर निकला तो उसने दो लोगों को पड़ोस के ही सावान के मकान में झांकते हुए देखा। घर के अंदर आकर उन्होंने सभी लोगों को दो संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी दी। कैसर के घर में मौजूद मेहमानों ने पास की दोनों गलियों में जाकर चोरों को पकड़ने की योजना बनाई। इसी दौरान चोर धरमू के घर जैसे ही घुसे, उन लोगों ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी ने उसपर 315 बोर तमंचे से फायर करने का प्रयास किया, तब तक उसने चोर को दबोच लिया। चोर ने उसके सिर पर तमंचे का प्रहार कर घायल कर लिया। इसी दौरान मोहल्ले वालों ने दोनों चोरों को पकड़ लिया और जमकर पीटा। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के पूछताछ करने पर दोनों चोरों ने अपने नाम संजय पासी और राजू दीक्षित निवासी सरौरा थाना इमलिया सुल्तानपुर जिला सीतापुर बताए। पुलिस ने संजय पासी के पास से 315बोर एक तमंचा और एक जीवित कारतूस बरामद कर चालान भेज दिया है।