शहर में राजापुर मंडी रोड स्थित अनुपम नर्सिंग होम के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे एमआर से बाइक सवार दो बदमाश 1.72 लाख रुपये से भरा पॉलीबैग छीनकर फरार हो गए। एमआर ने शोर मचाया, तब लोगों ने मामला समझा, तब तक बाइक सवार बदमाश भाग निकलने में कामयाब रहे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद एसपी अरविंद सेन और सीओ सिटी एमपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। नर्सिंग होम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें बाइक सवार बदमाश दिखे हैं।
देवकली रोड स्थित मोहल्ला गांधीनगर निवासी एमआर संजय शुक्ला बुधवार की सुबह साढ़े 10 बजे घर से बैंक के लिए निकले थे। सबसे पहले वह एसबीआई की मेन शाखा पहुंचे, जहां संजय ने 80 हजार रुपये निकाले। इसके बाद सीओ आफिस के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक से संजय ने 70 हजार की रकम निकाली, फिर अर्बन कोआपरेटिव बैंक शाखा से उन्होंने 22 हजार की नकदी निकाली और तीनों बैंकों से निकाली गई रकम को पॉलीबैग में रख लिया। इसके बाद संजय अपने फोड़े की पट्टी कराने करीब साढ़ेे 11 बजे अनुपम नर्सिंग होम पहुंचे, जहां पट्टी कराने के बाद वह नर्सिंग होम से बाहर निकलकर अपनी बाइक के पास पहुंचे। संजय ने बताया कि इस दौरान घर से फोन आ गया, जिससे वह बात करने लगे। तभी बाइक सवार दो युवक आए और उनके हाथ से रुपये से भरा पॉलीबैग छीन लिया। यह देखकर हड़बड़ाए एमआर संजय ने शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के दुकानदार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों बदमाश बाइक से रफूचक्कर हो गए। बैैंक से निकाले गए रुपयों के बारे में एमआर संजय शुक्ला ने बताया कि रिश्तेदार इलाज के लिए एक नर्सिंग होम में भर्ती है, जिनको रुपये देने के लिए बैंक से निकाले थे।
पासबुक और चेकबुक भी ले गए
पीड़ित संजय शुक्ला ने बताया कि रुपयों से भरे पॉलीबैग में एसबीआई और पीएनबी की पासबुक और चेकबुक रखी थीं। वह भी बदमाश ले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले, दिखे बाइक सवार
सीओ सिटी एमपी सिंह और कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बदमाशों के संबंध में सुराग हासिल करने के लिए दो नर्सिंग होम के सीसीटीवी फुटेज कई घंटों तक खंगाले। नर्सिंग होम के कैमरों ने बाइक सवार बदमाशों की तस्वीर कैद की है, जिसे तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से डेवलप कराने में पुलिस जुटी है।