शारदानगर चौकी क्षेत्र के गांव बड़ागांव स्थित ससुराल आए युवक को एक व्यक्ति ने तमंचे से फायर कर घायल कर दिया, इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
झमपुरवा गांव निवासी साबित अली अपनी ससुराल बड़ागांव आया था। सोमवार की रात को बड़ागांव निवासी एक व्यक्ति ने तमंचे से साबित अली पर फायर झोंक दिया, जो उसके हाथ में लगा। फायरिंग की आवाज सुन गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक के पिता अब्दुल अजीज ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके लड़के की रंजिश नहीं थी, बल्कि ससुराल पक्ष से दुश्मनी में उसे निशाना बनाया गया है। पुलिस ने आरोपी गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताते हैं कि गुड्डू के पिता बदलू की हत्या कर दी गई थी, जिसका बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया।