मैलानी-ऐशबाग रूट पर दो अलग-अलग घटनाओं में शातिर युवकों ने चलती ट्रेन में एक महिला का कुंडल नोच लिया तो वहीं दूसरी ओर लखीमपुर स्टेशन पर एक युवक यात्री की जेब काटते हुए धरा गया। दोनों युवकों को यात्रियों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक आरोपी पर हरगांव थाने और दूसरे युवक पर लखीमपुर जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जीआरपी के मुताबिक हरगांव निवासी महिला उर्मिला देवी निवासी हरगांव बुधवार देर शाम ससुर शिवशंकर के साथ 52244 पैंसेजर ट्रेन से लखीमपुर से हरगांव जा रही थी। ओयल रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में रोहित निवासी गांव विष्णुपुर थाना हरगांव ने उर्मिला देवी का सोने का कुंडल नोच लिया और भागने की कोशिश करने लगा। इसी बीच महिला ने शोर मचाया तो ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने घेरकर आरोपी को पकड़ लिया। यात्रियों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद हरगांव में आरोपी को सिविल पुलिस के हवाले कर दिया। जहां उसके खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं बुधवार की शाम को ही निघासन क्षेत्र के गांव बिनौरा निवासी मो. अहमद लखनऊ जाने के लिए पैंसेजर ट्रेन पर सवार हो रहा था, तभी प्लेटफार्म पर घात लगाए युवक ने जेब काटने की कोशिश की। इसकी भनक लगते ही मो. अहमद ने उसे दबोचने की कोशिश की। इस बीच वह मो. अहमद से भिड़ गया। सूचना मिलने पर पहुंचे जीआरपी के सिपाहियों से भी काफी देर तक उसकी गुत्थमगुत्था हुई। एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान शानू निवासी मोहल्ला प्यारेपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेजा गया है।