सिकटिहा मोहल्ले में मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार दो लुटेरों ने घर के बाहर खड़ी एक महिला की गले की सोने की चेन खींच ली और फरार हो गए। इस घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला निवासी राकेश गुप्ता की बहन किशोरी गुप्ता की शादी दिल्ली में हुई है। पिछले दिनों किशोरी दिल्ली से लौटकर मायके आई थी। मंगलवार की सुबह वह घर के बाहर खड़ी थी, तभी दो युवक बाइक से वहां पहुंचे। किशोरी कुछ समझ पाती इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे युवक सोने की चेन खींच ली। किशोरी ने शोर मचाया तो मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक दोनों युवक भाग चुके थे। पीड़ित महिला ने परिवारीजनों के साथ सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। शहर कोतवाल दुर्र्गेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।