खीरी थाना क्षेत्र के गांव कटकुसुमा में सेंटर पर गन्ना तुलवाने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद कई राउंड फायरिंग हुई और ईंट-पत्थर, बांका चले। जिसमें गांव के ही चार भाइयों समेत छह लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों पक्षों के बीच पंचायत चुनाव को लेकर पहले से ही रंजिश चल रही थी। सूचना मिलने पर सीओ सिटी एमपी सिंह, एसओ खीरी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की। वहीं सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा ने जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना। पुलिस का कहना है कि अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
गांव कटकुसुमा में कुंभी चीनी मिल का गन्ना सेंटर है। गुरुवार को इसी गांव के नवल किशोर त्रिवेदी और सर्वेश शुक्ला की ट्रॉलियां गन्ना तुलवाने गई थीं। जहां पहले गन्ना तुलवाने को लेकर विवाद होने लगा। इस बीच दोनों पक्षों के घरवाले और उनके समर्थक भी मौके पर इकट्ठा हो गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर, बांका चलने लगे और दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। बांके के प्रहार से एक पक्ष के चार भाई संतोष शुक्ला, अखिलेश, सर्वेश और सुभाष जख्मी हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से नवल किशोर और उनके भतीजे अजय त्रिवेदी को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में पंचायत चुनाव को लेकर पहले से ही रंजिश चल रही थी। बुधवार को भी गांव में एक पक्ष के लोगों ने मायाराम, संतराम समेत कई लोगों की बुरी तरह पिटाई की थी। पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की थी, जिससे हौसला बढ़ने पर गुरुवार को फायरिंग और मारपीट की घटना सामने आई। एसओ महेंद्र्र सिंह ने बताया कि मौका-मुआयना कर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।