शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में हाईवे पर जमुका दोराहे के पास पेट्रोल पंप पर खड़े पीडीएस की चीनी से लदे ट्रक के चालक और हेल्पर को बांधकर बदमाशों ने चीनी की 10-12 बोरी और 10 हजार की नकदी लूट ली। सभी बदमाश दूसरे ट्रक से आए थे। लूट के बाद बदमाश चीनी लदे ट्रक को चालक और हेल्पर सहित उचौलिया क्षेत्र में छोड़ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ के बाद घटना को संदिग्ध बताया। अभी इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
जौनपुर के थाना सरपतहा के गांव महमदपुर निवासी ट्रक चालक राजेश कुमार शनिवार को रमाला शुगर मिल बड़ौत (बागपत) से पीडीएस की 320 बोरी चीनी लेकर आजमगढ़ के लिए जा रहा था। साथ में हेल्पर शीतब संत निवासी गांव मकदूमपुर पटेला बाजार थाना खुटान जिला जौनपुर भी था। पीड़ित चालक राजेश के मुताबिक रविवार दोपहर को शाहजहांपुर के थाना रोजा में हाईवे पर जमुका दोराहा के निकट एक पेट्रोल पंप के पास रुक गया। चालक राजेश और हेल्पर शीत बसंत रात में केबिन में सो गए। उनका कहना है कि सोमवार सुबह करीब चार बजे दूसरे ट्रक से आए आधा दर्जन बदमाशों ने शीशा तोड़कर खिड़की खोल ली और दोनों को बांध दिया। इसके बाद बदमाश ट्रक लेकर सीतापुर की ओर निकल गए। करीब 10 किमी चलने के बाद बदमाशों ने उचौलिया चौकी क्षेत्र में माईनर के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट ट्रक को रोक दिया। इसके बाद अपने ट्रक को पास में लगाकर करीब 10 बोरी चीनी अपने साथ लाए ट्रक में डालकर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अवधेश यादव ने दोनों से अलग-अलग जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने पूछताछ के बाद घटना को संदिग्ध बताया। वहीं एसओ राजकुमार यादव ने बताया कि लूट की घटना की जांच की जा रही है। लूट के कोई तथ्य नहीं मिले हैं।