गांव खानपुर गुरेला में हुई वारदात, लोगों में दहशत
पुलिस चौकी ओयल क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला जारी है। पुलिस की लापरवाही और गश्त के नाम पर खानापूरी होना चोरों के लिए मददगार साबित हो रहा है। मंगलवार की रात चोरों ने ग्राम खानपुर गुरेला के चार घरों में धावा बोल दिया और नगदी समेत लाखों रुपये का सामान बटोर ले गए। घटना की तहरीरें पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लगातार चोरियों से इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्राम खानपुर गुरेला निवासी उमादत्त त्रिपाठी के घर घुसे चोर छत के ऊपर बने कमरे में रखे बक्से उठाकर गांव के पश्चिम मुन्ना सिंह के खेत में ले गए और वहीं पर बक्से का कुंडा तोड़कर उसमें रखी एक जोड़ी झुमकी, एक जंजीर, दो मंगलसूत्र, तीन जोड़ी पायल और 23 हजार रुपये की नगदी समेत करीब दो लाख का सामान बटोर ले गए। लालजी पुत्र चेतराम के घर छत के सहारे अंदर घुसे चोर यहां से भी बक्सा उठा ले गए। गांव के उत्तर मेें बने नाले के पास बक्सों के कुंडे निकालकर दो जोडी कुंडल, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी जेवरी, एक मंगलसूत्र और सात हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। तीसरी वारदात पास के ही ज्ञानेंद्र सिंह के घर हुई। चोर बाहरी कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और सात लीटर डीजल निकालकर भाग निकले। गनीमत रही कि उस कमरे में डीजल के अलावा कुछ भी नहीं था। इसके बाद चोरों ने सुनील गुप्ता के घर को अपना निशाना बनाया। घर में घुसे चोरों ने गैलरी का बल्ब निकाल दिया और कमरे में घुस गए। बक्से का ताला तोड़ने लगे। खटपट की आवाज होने पर बाहर तख्त पर सो रही सुनील की पत्नी सुशीला की अचानक आंख खुल गई वह जब कमरे में घुसी तो दो लोग थे। एक चोर ने उनका हाथ पकड़ लिया। इस पर उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। शोर शराबा होने पर चोर मौके से भाग निकले। सुशीला देवी ने बताया कि चोर थाली, दो कटोरे, दो चमचे, तीन लोटे ले भागे।
हफ्ते भर पहले भी हुई थी चोरी
एक सप्ताह पहले भी चोरों ने खानपुर गुरेला निवासी महेंद्र त्रिपाठी के घर पर हाथ साफ किया था। चोर नगदी-जेवर समेत करीब चार लाख रुपये का माल बटोर ले गए थे। चौकी पुलिस ने शक के आधार पर एक शातिर चोर को पकड़ा था, जिसको गांव के ही कुछ लोगों के कहने पर छोड़ दिया गया था। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि चारों घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।