कस्बे में रविवार रात रिटायर्ड कानूनगो के घर में घुसे चोरों ने पांच हजार की नकदी समेत 50 हजार के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। आहट सुनकर चोरों का पीछा कर रहे गृहस्वामी के भतीजे को चोरों ने बांका व सरिया मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
कस्बे के मोहल्ला काजी हाउस में रिटायर्ड कानूनगो रमेश चंद्र श्रीवास्तव का परिवार रहता है। रविवार की रात पूरा परिवार आंगन में सो रहा था। रात को 12 बजे एक चोर दीवार फांद कर घर में घुसा। घर के बाहर जाने वाले दरवाजे को खोल दिया, इससे उसके अन्य साथी भी घर के अंदर आ गए। चोर कमरे की कुंडी खोलकर अंदर दाखिल हुए और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे पांच हजार नकद, एक जोड़ी झुमकी, पायल, चांदी की करधनी और बिछिया चोरी कर ली। अचानक रमेश के छोटे भाई सुरेश के पुत्र रूपेश की नींद खुल गयी। वह वोल्टेज बढ़ाने के लिए जब स्टेप्लाजर के पास पहुंचा तो चोर हड़बड़ाहट में भागने लगे। बिना शोर मचाए रूपेश ने जब चोरों का पीछा किया तो एक चोर ने उसपर सरिया और दूसरे ने बांके से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ की उंगली कट गई। सरिया लगने से वह घायल हो गया। घटना की सूचना रमेश श्रीवास्तव ने रात में ही सिंगाही पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे दरोगा एनके यादव ने चोरी की छानबीन की। एसओ जेपी यादव ने चोरी का शीघ्र ही खुलासा करने का दावा किया है।