खीरी के गांव की घटना, रेप की आशंका, नहीं हो पाई शिनाख्त
साड़ी के फंदे से गला कसा मिला, मौके पर संघर्ष के साक्ष्य
यूपी में महिलाओं के साथ बढ़ते अपराधों के बीच जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गांव मोहदियापुर में शनिवार सुबह एक विवाहित युवती का शव नग्न अवस्था में पेड़ से बंधा हुआ पाया गया। मौके के हालात साफ-साफ कह रहे हैं कि रेप के बाद उसकी हत्या की गई है। उसके कपड़े और चूड़ियां पास में ही तितर-बितर हालत में पड़ी पाई गईं। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है और न ही अपराधियों का कुछ पता लग सका है। पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार आने की बात कह रही है।
यह शव लखनऊ-दिल्ली हाईवे से महज सौ मीटर की दूरी पर भगवानदीन के गन्ने के खेत में पापलुर के खेत में पेड़ से बंधा पड़ा था। जमीन पर पड़ी हुई हालत में मृत महिला की साड़ी उतरी हुई थी और उसका एक सिरा महिला के गले से बंधा हुआ था, जबकि दूसरा पेड़ से बांधा गया था। उसके मुंह से खून निकल रहा था और जीभ बाहर निकली हुई थी। इससे यह भी माना जा रहा है कि गले में फंदा डालकर उसे लटकाया गया और दम निकलने के बाद साड़ी का दूसरा सिरा पेड़ से बांध दिया गया। मौके पर देखने से लगता है कि वहीं हत्यारों और महिला के बीच संघर्ष हुआ। साड़ी के अलावा बाकी उतरे हुए कपड़े भी शव के पास ही पड़े थे। मोतियों की माला और चूड़ियां टूटी हुई हालत में कुछ ही दूरी पर खेत में पड़ी थीं। साक्ष्य इशारा कर रहे हैं कि घटना में एक से अधिक लोगों शामिल रहे।
शव पर सबसे पहले निगाह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की पड़ी। इसके थोड़ी देर बाद ही काफी संख्या में लोग जुट गए, मगर उनमें से कोई पहचानता नहीं था। इससे माना गया कि महिला कहीं और की रहने वाली है, उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है। चेहरा गोल और रंग सांवला है। कद काठी सामान्य है। उसकी मांग में सिंदूर भरा था। साड़ी लाल रंग की थी और उस पर पीले फूलों की छाप थी।
शव मिलने की सूचना पर पहुंचे एसओ पसगवां विजय यादव का मानना है कि महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। बोले, रेप की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश में आसपास के ईंट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूरों को भी बुलाया, मगर किसी ने नहीं पहचाना।