खीरी थाने के गांव कटकुसुमा से रविवार को सामान खरीदने लखीमपुर शहर आया एक युवक लापता हो गया। परिवार वालों ने अपहरण की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें युवक के पास एक लाख रुपये की नकदी होने की बात कही गई हैै। साथ ही परिवार वालों ने बताया है कि शनिवार को युवक का पैसे के लेन देन को लेकर कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। कोतवाली पुलिस ने लापता युवक के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर जांच शुरू कर दी है।
कटकुसुमा गांव निवासी रामकिशोर दीक्षित रविवार को संकटा देवी मार्केट से सामान खरीदने आया था। उसके पास करीब एक लाख रुपये की नकदी थी। इसके बाद रामकिशोर घर नहीं पहुंचा, बल्कि उसने अपनी पत्नी पुष्पा को फोन कर बताया कि बाजार में कुछ लोगों ने तमंचे के बल पर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद बाइक पर बैठाकर किसी मकान में ले गए, जहां उसकी आंखों पर काली पट्टी बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया है।
पुष्पा ने बताया कि इतनी बात होने के दौरान अपहर्ताओं ने उससे मोबाइल छीन लिया। तब से उसका मोबाइल लगातार स्विच आफ है। पुष्पा ने मामले की सूचना पहले चौकी पुलिस को दी, जिस पर कोई कार्रवाई न होने पर उसने सदर कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में यह भी बताया गया है कि रामकिशोर का एक व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिसमें उसने उठवा लेने की धमकी भी दी थी। कोतवाली पुलिस ने लापता युवक का मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि मामला दो पक्षों के बीच पैसे को लेनदेन के विवाद का है। लापता युवक की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। केेेस के खुलासे को सर्विलांस की मदद ली जा रही है। जल्द ही वर्कआउट कर लिया जाएगा।