भाई के साथ अपने मामा के घर से लौट रही 16 साल की एक लड़की की शुक्रवार शाम रमही पुल पर गोली मार कर हत्या कर दी गई। घरवालों ने इस मामले में पांच लोगों को नामजद कराया है पर पुलिस घटना की कहानी को संदिग्ध मान रही है। पांचों आरोपी के घर पर ही मिल जाने से पुलिस अभी ज्यादा कुछ कहने से बच रही है। लड़की के घरवालों का कहना है कि एक आरोपी युवक उससे शादी करना चाहता था, मना करने पर उन लोगों ने हत्या कर दी। उधर, मौके पर बहन को छोड़कर भाई के भाग जाने की कहानी भी किसी के गले नहीं उतर रही है। लोग इस घटना में ऑनर किलिंग की आशंका भी जता रहे हैं।
मृतका के भाई अलीम ने कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि वह अपनी बहन साबिया के साथ शुक्रवार को लखीमपुर के मोहल्ला रंगीलानगर निवासी मामा के घर शादी समारोह में 29 सितंबर को आए थे, जहां से शुक्रवार की शाम सवा छह बजे बाइक से अपने घर जा रहा थे। साथ में बहन भी थी। कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित रमही पुल पर दो बाइकों पर असलहों से लैस पांच लोगों ने घेरकर उनकी बाइक रोक ली, जिनमें धौरहरा निवासी साबिर और उनके बेटे साजिद, राशिद, मंगरौली थाना धौरहरा निवासी रवी और थाना ईसानगर के मिर्जापुर निवासी अनीस शामिल थे। इन लोगों ने बहन साबिया की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में पांचों लोगों को नामजद करते हुए विवेचना शुरू की है। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के पिता और भाई ने बताया कि धौरहरा निवासी साजिद उनकी बेटी से निकाह करना चाहता था। उन लोगों ने यह रिश्ता मना कर दिया, तबसे वह लोग रंजिश मानते थे। हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताया है। मौके पर बहन को छोड़कर भाई अलीम के भागने की कहानी किसी के भी गले नहीं उतर रही है। इस बाबत एसपी अखिलेश चौरसिया का कहना है कि पुलिस विवेचना में सच्चाई सामने आ जाएगी।