शोर मचाने पर फरार हुए कार सवार, पुलिस ने राहगीरों से युवती को भिजवाया घर
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने दो युवकों पर उसे जबरन कार में खींचने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक घटना सोमवार शाम की है। मौके पर पुलिस चौकी इंचार्ज भी पहुंचे थे। युवती का कहना है कि कार्रवाई का आश्वासन देकर उसको उसके घर भिजवा दिया गया था। मामले में अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।
युवती का आरोप है कि वह सोमवार की देरशाम पलिया में अपने एक रिश्तेदार के यहां पैदल जा रही थी कि इसी बीच एक कार पर सवार दो युवक आए और उसको जबरन खींचने लगे और बैठा भी लिया लेकिन उसने शोर मचा दिया और इसके चलते युवक उसे धक्का देकर कार के बाहर कर फरार हो गए। इस दौरान साइकिल से गुजर रहे दो साइकिल सवारों ने भी चिल्लाना शुरू कर दिया और इसी बीच वहां से गुजर रही पुलिस ने कार का पीछा किया लेकिन कार सवार भागने में कामयाब रहे। युवती के मुताबिक उसको वहां से जा रहे दोनों साइकिल सवारों के साथ पुलिस ने घर भेज दिया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद से मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित युवती ने बताया कि वह चाहती है कि कार्रवाई हो, लेकिन उसे यह भी डर है कि कहीं पुलिस दबंगों के साथ न मिल जाए। उसके मुताबिक आरोपियों में एक पूर्व वनाधिकारी पुत्र भी शामिल है। चौकी इंचार्ज जेके भदौरिया ने घटना की पुष्टि की है। उनके मुताबिक वह मौके पर पहुंचे थे और युवती को उसके घर भिजवा दिया था। कहा कि तहरीर नहीं मिली है मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।