गोला-अलीगंज मार्ग पर गांव दौलतगंज के पास एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गई, इसके बाद वह एक कारखाने में जा घुसी। हादसे में बस चालक बिजुआ निवासी 45 वर्षीय फत्ते की स्टेयरिंग में फंसकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल चालक का शव बाहर निकला।
गांव अलीगंज निवासी बस के परिचालक बबलू पांडेय ने बताया कि वह बस लेकर पार्टी को छोड़ने लखनऊ गए थे। वापस बिजुआ जाते समय बस दौलतगंज के पास बस अनियंत्रित हो गई और पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोलों पर रखे ट्रांसफार्मर से टकराई। बाद में कुछ दूर स्थित असलम के कारखाने में जा घुसी। हादसे में स्टेयरिंग के बीच फंसकर चालक फत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। कारखाने में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्टेयरिंग में फंसे चालक के शव को बमुश्किल बाहर निकाला। ब्यूरो