इंडो-नेपाल बार्डर पर एसएसबी जवानों के हत्थे चढ़ी किर्गिस्तान की युवती नतालिया को शनिवार की शाम जेल भेज दिया गया। जेलर ज्ञानप्रकाश ने बताया कि अभी नतालिया से मुलाकात करने कोई नहीं आया है। उससे मुलाकात करने के लिए भारतीय दूतावास की अनुमति जरूरी होगी और मुलाकात के समय एलआईयू भी मौजूद रहेगी।
नतालिया के जेल में आने के बाद कारागार में हलचल बढ़ गई। जेल प्रशासन ने विदेशी मूल की लड़की के जेल में निरुद्ध होने संबंधी रिपोर्ट आईजी और डीआईजी कारागार को भेजी है। डीएम, एसपी और लोकल इंटेलिजेंस को भी इस बाबत जानकारी दी गई है। जेलर ज्ञानप्रकाश ने बताया कि विदेशी मूल के व्यक्ति का कारागार में निरुद्ध होना गंभीर मामला है। उनके मुताबिक नतालिया को कारागार में आम महिला बंदियों के साथ रखा गया है लेकिन उस पर नजर रखी जा रही है। वह हिंदी नहीं समझ पा रही है। अंग्रेजी के कुछ शब्दों को ही समझ पा रही है। इसी चक्कर में पुलिस पहले उसे कजाकिस्तान का समझ बैठी। बाद में लिखत-पढ़त में किर्गिस्तान हुआ।
नेपाल और बरेली में होगी पड़ताल
पलियाकलां। सीओ रामासरे सिंह के मुताबिक पकड़े गए दोनों लोगों के पतों की तस्दीक और युवती के बारे में पड़ताल के लिए बरेली जाएगी। साथ ही नेपाल पुलिस से भी सहयोग मांगा जाएगा और संजय नाम के व्यक्ति को तलाशने की कोशिश की जाएगी। सीओ ने बताया कि युवती का बीजा नेपाल तक ही था। मामले की विवेचना गौरीफंटा कोतवाल कृष्ण मुरारी शर्मा को दी गई है।