बिजली विभाग के सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
सीओ और नायब तहसीलदार के समझाने पर माने लोग
बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दर्ज
मक्का का खेत देखने गए गांव खरवहिया निवासी एक युवक पर हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया, इससे उसकी झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जब पंचनामा भरने की कवायद शुरू की तो नाराज ग्रामीणों ने पंचनामा भरवाने से इंकार कर दिया। गुस्साए बड़ी संख्या में ग्रामीण निघासन-ढखेरवा मार्ग पर पहुंचे और जाम लगा दिया। सीओ और नायब तहसीलदार के कार्रवाई के आश्वासन पर दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बिजली विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव खरवहिया निवासी परशुराम का 20 वर्षीय पुत्र विमल पड़ोस गांव स्थित रउली पुरवा में मक्के का खेत देखने रविवार सुबह करीब छह बजे बाइक से गया था। बाइक चकरोड पर खड़ी करके वह खेत देखने के लिए चला गया। टहलते हुए वह खेत के बीच में पहुंचा। इसी बीच खेत के ऊपर से निकली 11 हजार हाईटेंशन लाइन का तार उसके कंधे पर गिर गया। तार गिरने के कारण उसका सिर और एक हाथ बुरी तरह से जलकर अलग हो गया। शौच को गए रउली पुरवा के ग्रामीणों ने मामले की सूचना परिवार वालों और पुलिस को दी। आरोप है कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए शव का पंचनामा भरने का प्रयास किया। बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीण उग्र हो गए और पंचायतनामा भरवाने से इंकार करते हुए निघासन ढखेरवा रोड पर एक तरफ ट्रॉली खड़ी कर दी। दूसरी तरफ महिलाएं और ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। इस दौरान कोतवाल जयकरन सिंह, ढखेरवा चौकी इंचार्ज एनके यादव ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लोग नहीं माने। मौके पर पहुंचे सीओ प्रीती त्रिपाठी, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह ने ग्रामीणों को कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए और जाम खोला।
पांच बहनों में सबसे बड़ा था विमल
मृतक विमल पांच बहन नीलम, पम्मी, सुम्मी, अंजली समेत पांच बहनें, छोटा भाई दिलीप में सबसे बड़ा था। विमल के चाचा की मौत कई साल पहले हो जाने के कारण उसकी तीन चचेरी बहन की भी जिम्मेदारी उसी के कंधे पर थी। विमल की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ था। उसकी बहन नीलम, मां कृष्ण कुमारी, पिता परशुराम समेत पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ था। नीलम गश खाकर गिर गई थी। पिता परशुराम बदहवाश होकर इधर उधर दौड़ रहा था।
दो दिन पहले पंजाब से लौटा था विमल
भूमि कम होने और परिवार की जिम्मेदारी अधिक होने के कारण विमल पंजाब में मजदूरी करता है। वह शुक्रवार की शाम वह मजदूरी करके करीब आठ माह बाद घर लौटा था। उसकी मौत से पूरा परिवार बिखर गया था।
बेटे की शादी के लिए कई जगह से आया था रिस्ता
मां कृष्णा कुमारी ने बताया कि बेटे की शादी के लिए कई स्थानों से रिस्ता आया था। वह पहले अपनी बहनों की शादी करने के बाद ही अपना ब्याह करना चाहता था।
मामले में बिजली विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रीती त्रिपाठी, सीओ
पीड़ित परिवार को बिजली विभाग से दो लाख की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही डीएम को रिपोर्ट भेजकर लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए डीएम को लिखा जाएगा।
ज्ञानेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार