दो बाइक की आमने सामने भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे बाइक सवार को सामने से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई, जबकि बाइक छोड़कर अन्य बाइक सवार भाग निकले।
घटना शनिवार शाम की है। चौकी क्षेत्र में हाइवे पर गांव मोहदियापुर से पहले एक पुलिया के पास शाहजहांपुर की ओर से जा रही बाइक और सामने से सीतापुर की ओर से आ रही बाइक में भिड़ंत हो गईं। दोनो बाइक की टक्कर में सीतापुर की ओर से आ रहा बाइक सवार युवक 23 साल का संजीव उर्फ सोनू निवासी गांव चिनौर थाना सदर शाहजहांपुर हाइवे पर गिर गया। इस दौरान वहां से गुजरे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवक को जिला अस्पताल शाहजहांपुर ले गई। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार शाम को ही वह घर से अपने एक दोस्त के साथ शाहजहांपुर आया था। दोस्त को शाहजहांपुर में किसी काम से छोड़कर वह यहां चला आया। आगामी 18 अप्रैल को संजीव की शादी होने वाली थी। दो भाइयों में संजीव बड़ा था और शाहजहांपुर की एक रिटेल मार्ट में काम करता था। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से भाग निकले।