पुलिस ने उल्टे वादी को ही हड़काया
चौकी क्षेत्र के महेवा गांव में शुक्रवार रात जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि दबंगों ने घर मे घुसकर न सिर्फ दंपति की पिटाई की बल्कि घर मे आग भी लगा दी। मोहल्ले के लोगों ने आग को बुझाया। इससे बड़ा नुकसान बच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महेवा गांव निवासी तारावती ने पुलिस को दी गई तहरीर मे बताया कि घर के पास उसकी कुछ जमीन खाली पड़ी है। गांव के ही कुछ लोग उस पर जबरन कब्जा करना चाहते है। वे कई बार प्रयास भी कर चुके हैं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे फिर कब्जे का प्रयास किया गया। जब घर वालों ने कब्जे का विरोध किया तो दूसरा पक्ष से आधा दर्जन लोग लाठी डंडा लेकर घर आ धमके और मारपीट शुरू कर दी। तारावती ने बताया कि जब पति बसंत लाल ने विरोध किया तो सभी उसे पीटने लगे। यह देख वह और देवर पुनई बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। आरोप है कि इस बीच किसी ने घर मे आग भी लगा दी। घर जलता देख चीखपुकार पर मोहल्ले के लोग आगे आए और आग बुझाई। दबंग धमकी देकर भाग निकले। पीड़ितों का आरोप है कि रात में ही वे चौकी पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। आरोप है उल्टे पुलिस ने पति को ही हड़काया और चालान भेजने की धमकी दी। उधर दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।