- रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे
- कार समेत भाग निकले सवार, बाइक चालक नहीं पहने था हेल्मेट
रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर बाइक से लौट रहे दादी-पोते को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई। कार सवार वाहन समेत मौके से भाग निकले। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
उचौलिया की नई बस्ती निवासी सरदार साधू सिंह की 70 वर्षीय पत्नी जोगेंद्र कौर अपने पोते 24 वर्षीय रंजीत सिंह उर्फ मंगा के साथ बाइक पर मैगलगंज क्षेत्र के औरंगाबाद में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने शनिवार सुबह गई थीं। वापस आते समय कस्बे से करीब चार किलोमीटर पहले शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे हर्नखुदा के पास उनकी बाइक में सामने से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर से बाइक के परखचे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार दादी जोगेंद्र कौर और बाइक चला रहा रंजीत सिंह बुरी तरह जख्मी हो गए। मंजीत ने हेल्मेट नहीं पहन रखा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा, मगर दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार गए। हादसे में मारे गए रंजीत कस्बे में गुरुद्वारा मार्केट में वर्कशाप चलाते थे। उसके पिता परमजीत सिंह की गुरुद्वारा के सामने स्पेयर पार्ट की दुकान है। रंजीत की पत्नी मनप्रीत कौर अपने मायके जालंधर (पंजाब) में है। रंजीत की शादी चार साल पहले हुई थी। उसके दो बेटे हैं, एक तीन साल का हरमन सिंह और दूसरा अभी तीन माह का ही है। परमजीत के रंजीत के अलावा दो पुत्र पलविंदर और दलजीत सिंह और एक पुत्री जसप्रीत है। रंजीत सबसे बड़ा था। घर में एक साथ दो मौतें होने से कोहराम मच गया। पिता परमजीत सिंह, मां परमजीत कौर दोनों की मौत से सुधबुध खो बैठे।