अपहर्ता गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपी का चालान भेजा
दो दिन पहले कुकरा गांव के पसियाना मोहल्ला से लापता हुई चार वर्षीय बच्ची को पुलिस ने बरामद कर अपहर्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका चालान भेज दिया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए माता-पिता के साथ जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया है।
दो दिन पहले गांव कुकरा के पसियाना मोहल्ला निवासी राजेश कुमार की चार वर्षीय पुत्री रंजना घर में सोते समय रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी। इस मामले में पड़ोसी रामआसरे के खिलाफ थाना मैलानी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दो दिन तक आरोपी बालिका को लेकर इधर-उधर भटकता रहा। सोमवार रात लगभग नौ बजे थाना मैलानी पुलिस को बच्ची और अपहर्ता के कुकरा-जटपुरा रोड चौराहे पर मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां पहुंच कर अपहर्ता को गिरफ्तार कर बालिका को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राजेश कुमार उनका रिश्तेदार है और रंजना उसकी पोती लगती है। आरोपी का कहना था कि वह किसी गलत मंसूबे से पोती को नहीं ले गया था लेकिन ये बात पुलिस के गले नहीं उतरी। इधर, बच्ची की बरामदगी की सूचना उसके परिवार वालों को दी। जिस पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और बच्ची को कब्जे में लिया। माता-पिता को देखकर बच्ची उनसे लिपट गई।
एसओ मैलानी अजय कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामआसरे का धारा 364 में चालान काट कर भेजने के साथ ही बच्ची को पुलिस अभिरक्षा में माता-पिता के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।