नकदी समेत हजारों का सामान जला, पीड़ित ने दी तहरीर
जुए और अवैध शराब की शिकायत करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रविवार रात शिकायतकर्ता की दुकान में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। पीड़ित ने कुछ लोगों पर आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
ज्ञानपुर निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि गांव में उसकी खोखे में परचून की दुकान है। बताया रविवार को वह रामलीला मे हो रही रासलीला में किरदार निभाने शहर गया था। इस बीच देर रात किसी ने उसकी लकड़ी की दुकान में मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी। लपटें उठती देख जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बताया दुकान मे रखे दो हजार रुपये और 10 हजार कीमत का परचून का सामान जलकर नष्ट हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसने अज्ञात लोगों के खिलाफ जुए और अवैध शराब की शिकायत की थी। युवक का आरोप है कि खुराफाती लोगों ने उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से आग लगा दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी।