साली के साथ रेप के बाद उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने सगे बहनोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो दिन पहले हुई इस घटना में किशोरी का शव कब्र से निकलवाने की पुलिस ने वीडियोग्राफी भी कराई और डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम कराया गया है।
कुकरा गांव निवासी हशमुद्दीन की सोलह वर्षीय मंझली बेटी सोनम चार सितंबर को संदिग्ध हालात में अपने घर में फांसी के फंदे से लटकी मिली थी। किशोरी की मां बानो ने रविवार की शाम पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि चार सितंबर की सुबह वह सोनम और दस वर्षीय पुत्र मोहम्मद समीर को घर पर छोड़कर दवा लेने चली गई थी। पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे पास में ही रहने वाला उसकी बड़ी बेटी का पति मोहम्मद सलमान उसके घर पहुंच गया। सलमान ने उसके बेटे समीर को बहाने से घर के बाहर भेज दिया और सोनम के साथ बलात्कार करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पहले सोनम को बेड पर बैठाया और फिर उसके गले में दुपट्टे का फंदा बांधकर दूसरा सिरा बेड के ऊपर लगी खूंटी में बांध दिया। फिर घर के बाहर निकलकर शोर मचाया कि सोनम ने फांसी लगा ली है। जब वह दवा लेकर लौटी तो घटना का पता चलने पर वह होश खो बैठी। सलमान और उसके पिता मोहम्मद अरमान ने उस पर दबाव बनाकर आनन-फानन में शव दफन करवा दिया। बाद में उसके बेटे समीर ने बताया कि सोनम ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि बहनोई सलमान ने उसकी हत्या की है।
प्रभारी इंस्पेक्टर एसएन द्विवेदी ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी और रात करीब पौने नौ बजे नायब तहसीलदार रामदेव निषाद के साथ कब्रिस्तान पहुंचकर शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि शव को कब्र से निकलवाने के पूरे घटनाक्रम की शुरू से आखिर तक की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। बताया कि कब्र में पानी भर गया था और शव से काफी दुर्गंध आ रही थी। महिलाओं से मृतका के गुप्तांग की जांच भी कराई गई, लेकिन शव फूल जाने से कुछ अंदाज नहीं लग सका। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का असली कारण पता चल सकेगा। उन्होंने घटना की गंभीरता को समझते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम की सिफारिश की। पुलिस ने बानो की तहरीर पर सगे दामाद मोहम्मद सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही सलमान और उसके पिता मोहम्मद अरमान को हिरासत में ले लिया है। एसओ के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
------
सोनम की शादी के खिलाफ था सलमान
मैलानी। सोनम की शादी उसके पिता हशमुद्दीन ने अपने साढू के लड़के के साथ तय कर दी थी। बताते हैं कि सोनम का बहनोई सलमान इस शादी के खिलाफ था। सलमान ने करीब डेढ़ माह पहले सोनम की हत्या की धमकी भी दी थी। वैसे अपनी सास के साथ अमूमन सलमान खुद दवा दिलाने जाता था। घटना वाले दिन सलमान ने अपने भाई को सास के साथ भेज दिया और उनके जाने के बाद सलमान ने घटना को अंजाम दे दिया।
-----
गांव में स्थिति सामान्य
मैलानी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर एसएन द्विवेदी ने बताया कि इस घटना को लेकर गांव में कोई तनाव नहीं है और गांव के हालात एकदम सामान्य हैं। फिर भी कुकरा पुलिस चौकी को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।