कोतवाली क्षेत्र के गांव मियांपुर पुरैनाताल निवासी एक अधेड़ ने अपने घर में लगे आम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मामले की लिखित सूचना ग्राम प्रधान सुषमा ढाली के पति सुभाष ढाली ने पुलिस को दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम के पुरैना ताल मोहल्ले का जगन्नाथ राय (52) का शव उसके घर के आंगन में लगे आम के पेड़ से लटका मिला। उसके पैर जमीन से लगे थे। प्लास्टिक नुमा ट्यूब का फंदा उसके गले में पड़ा था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का नहीं लग रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार 10 दिन पूर्व जगन्नाथ की पत्नी आरती से कुछ कहासुनी हो गई थी जिससे वह नाराज होकर अपने मायके जिला पीलीभीत के थाना माधोटांडा के गांव गौमिया अपनी सबसे छोटी पुत्री पूर्णिमा के साथ चली गई थी। मृतक इस समय घर पर अकेला रहता था। समझा जा रहा है कि इससे क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली।
मृतक के एक पुत्र की मौत दुघर्टना में हो चुकी है, जबकि एक पुत्र कर्नाटक में काम करता है उसकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मृतक के पास 50 डिसमिल जमीन है जिससे वह मजदूरी कर अपना परिवार पाल रहा था। बहरहाल परिवार में और कोई सदस्य न होने के कारण प्रधान पति सुभाष ढाली ने पुलिस को सूचना दी है। घटना रविवार रात को हुई। समाचार लिखे जाने तक न पत्नी और न पुत्र ही घर पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का पता चल सकेगा।