मजदूर पिता ने लगाया था आरोप, एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
किशोरी से दुराचार के मामले में पुलिस ने एसपी के आदेश पर दलित उत्पीड़न, दुष्कर्म और बंधक बनाने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस किशोरी को मेडिकल के लिए जिला मुख्यालय भेज रही है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामला 22 जनवरी का है। भीरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने आरोप लगाया था कि पलिया क्षेत्र के एक फार्म पर वह अपने परिवार के साथ मजदूरी करता था। करीब 10 हजार रुपया फार्मर पर बकाया था। आरोप था कि मांगने पर यह रकम नहीं दी और एक दिन फार्मर ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुराचार किया। शोर-शराबा सुनकर वहां पहुंचे लोगों को देख फार्मर भाग निकला। इस मामले में स्थानीय पुलिस के कार्रवाई न किए जाने के बाद पीड़ित पिता ने एसपी से शिकायत की थी और इसके बाद एसपी ने पलिया पुलिस को तत्काल मुकदमा कायम करने के निर्देश दिए थे। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार, एससी-एसटी एक्ट, पास्को, बंधक बनाने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है। एसओ पीके झा के मुताबिक आरोपी मनमिंदर सिंह निवासी पूरनपुरवा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा जा रहा है।