मुकदमा दर्ज, आरोपी बुजुर्ग ने आरोप नकारे
घायल किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा
सहेलियों के साथ खेत में बकरियां चराने गई दलित किशोरी का पेड़ पर चढ़ना एक बुजुर्ग को इतना नागवार गुजरा कि उसने पेड़ से नीचे उतरने पर किशोरी पर डंडे से हमला कर दिया। किशोरी के नाजुक अंगों पर चोट लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। सहेलियों ने किशोरी के घर वालों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे घरवाले किशोरी को गंभीर हालत में सीएचसी फरधान ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव गुठना बुजुर्ग और गुठना खुर्द सटे हुए गांव है। गुठना बुजुर्ग निवासी रेशम पासी की 12 वर्षीय पुत्री रेनू शनिवार दोपहर अपनी सहेलियों रोली, रिंकी, काजल और तारा के साथ बकरियां चराने गुठना खुर्द निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग रामविलास के खेत में गई थी। खेत में लगे एक पेड़ पर रेनू चढ़ गई। रामविलास का घर खेत के पास ही है। उसने रेनू को पेड़ पर चढ़े देखा तो उसे डांटते हुए नीचे उतरने को कहा। इस पर रेनू ने भी कुछ प्रतिवाद किया। इससे गुस्साए रामविलास ने किशोरी के नीचे उतरने पर उस पर डंडे से प्रहार कर दिया जो उसके नाजुक अंगों पर लगा और वह वहीं लहूलुहान होकर गिर गई। किशोरी को घायल देखकर आरोपी वहां से भाग गया। आरोपी रामविलास का कहना है कि आरोप झूठे हैं। पेड़ से उतरते वक्त कोई सूखी डाल लगने से किशोरी को चोट लगी है। सूचना पर एसओ तपेश्वर सागर ने गांव वालों से पूछताछ की और किशोरी के बयान दर्ज किए। पुलिस ने पिता रेशम की तहरीर पर मारपीट और एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
किशोरी के बयान दर्ज किए गए हैं। मामला मारपीट का लग रहा है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
- तपेश्वर सागर, एसओ, फरधान