- तालाब किनारे से मिट्टी लेने गए थे गांव के बच्चे
कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवपुरी में 12 वर्षीय किशोर सूरज की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चे की मौत पर घर में कोहराम मच गया, परिवार के लोगों ने उसका पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र की रेहरिया चौकी के तहत आने वाले गांव शिवपुरी में शनिवार सुबह नौ बजे के करीब गांव के राहुल, छोटू, शांति, संध्या, काजल आदि के संग तालाब से मिट्टी लेने संगेश सिंह का 12 वर्षीय पुत्र सूरज भी गया था। बच्चों ने बताया कि उसे शौच लगी तो वह तालाब की ओर चला गया, अन्य बच्चे मिट्टी लेकर घर आ गए। बच्चों ने तालाब के किनारे खेत पर मौजूद सूरज के चचेरे बाबा जंगबहादुर सिंह से कहा था कि सूरज को साथ लेकर आ जाना। जब वह तालाब के पास पहुंचे तो सूरज का शव तालाब में उतराता मिला। परिवार के लोग उसे आननफानन में घर ले आए और रेहरिया के अस्पताल में दिखाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। मृतक के पिता संगेश सिंह रुद्रपुर उत्तराखंड में राजगिरी आदि का काम करके अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। पिता के आने के बाद रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल
संगेश सिंह के दो पुत्रों में सूरज बड़ा था और वह रेहरिया के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। छोटा भाई राहुल 10 और मम्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूरज के डूबने की खबर से परिवार के लोगों के अलावा गांव वाले भी सन्न रह गए। यह बताया जाता है कि सूरज को दौरे आते थे, पानी देखकर उसे वहां भी दौरा पड़ गया होगा, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।