गौरीफंटा रेंज की कीरतपुर चौकी क्षेत्र में दोंदा नाले में तमाम लकड़ी बहाकर नेेपाल ले जाने की खबर जब वन महकमे को लगी तो अधिकारियों और दलबल मौके पर पहुंचा लेकिन नेपाली वन माफिया ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी तो जवाब में वन महकमे की ओर से भी फायर किए गए। इसके बाद नेपाली माफिया भाग निकले। 56 बोटे साखू, तीन आरे और पांच ट्रैक्टर टायर-ट्यूब बरामद किया गया है।
गौरीफंटा रेंज की चौकी कीरतपुर में दोंदा नाले से तमाम नेपाली लकड़ी माफिया साखू की लकड़ी ट्रैक्टर ट्यूबों पर रखकर बहा ले जा रहे थे। जानकारी हुई तो रेंजर दलबल के मौके पर पहुंच गए और उन्हें रोकना चाहा। इसके बाद नेपालियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। वनाधिकारियों के मुताबिक उस ओर से करीब डेढ़ दर्जन फायर हुए तो इधर से भी फायरिंग शुरू कर दी गई जिसके बाद नेपाली लकड़ी माफिया वहां से फरार हो गए। मौके पर 56 बोटे साखू, तीन आरे और पांच ट्रैक्टर टायर ट्यूब बरामद किए गए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कटान गौरीफंटा, सठियाना या फिर बनकटी रेंज से हुआ है। दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक महावीर प्रसाद ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
रेंजर गौरीफंटा दुधवा नेशनल पार्क दीपचंद ने बताया कि वह लकड़ी ट्यूबों पर रखकर नेेपाल की ओर ले जा रहे थे। टीम पर उन्होंने तकरीबन 18 फायर किए तो इधर से करीब 23 फायर हुए और इसके बाद माफिया भाग निकले। बरामद माल को जब्त कर लिया गया है।