फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्रक से कुचलकर छात्रा की मौत

Tue, 14 Apr 2015 05:26 PM IST
निघासन (लखीमपुर खीरी)
विज्ञापन
विज्ञापन
साइकिल से घर जा रही छात्रा की गन्ने से भरे ट्रक से कुचलकर मौत हो गई, जबकि उसी साइकिल पर पीछे बैठी दूसरी छात्रा घायल हो गई। नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में गन्ने की सूखी पत्तियां भरकर आग लगा दी। घटनास्थल पर पहुंचे एसओ ने किसी तरह से ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। उसके बाद वह कुर्मिनपुरवा स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर चले गए। इधर, एक बार फिर ग्रामीण भड़क उठे और झंडी पुलिस की मौजूदगी में दमकल कर्मियों को खदेड़ दिया। उसके बाद एक बार फिर ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर एसओ फिर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कर ट्रक में लगी आग को बुझवाया। सीओ मोहम्मद इब्राहिम, तहसीलदार सुनील झा ने भी मौका मुआयना किया। इस संबंध में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन

गांव कुर्मिनपुरवा निवासी रामप्रताप की 17 वर्षीय पुत्री रीमा चचेरी बहन प्रीति और फुफेरी बहन रोली के साथ कोचिंग गई थी। दिन मे 12.30 बजे रीमा और प्रीति एक ही साइकिल पर तथा रोली कोचिंग से दूसरी साइकिल से घर वापस आ रहीं थी। बस्तीपुरवा और देवीदीनपुरवा के पास बेलरायां चीनी मिल के कुर्मिनपुरवा गन्ना क्रय से गन्ने से भरा ट्रक निघासन की ओर आ रहा था। इसी दौरान साइड लेते समय सामने से आ रही रीमा की साइकिल ट्रक की पहिए के नीचे आ गई। हादसे में रीमा की मौके पर मौत हो गई, जबकि साइकिल पर बैठी प्रीति दूर जा गिरी। हादसे के बाद चालक ट्रक खड़ा कर भाग गया। इधर, निघासन आ रहे प्रीति के पिता संतोष भीड़ लगी देख रुक गए। उन्होंने ही मृत छात्रा की शिनाख्त की। इधर नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में गन्ने की सूखी पत्तियां भरकर आग लगा दी, जिससे वह धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंचे एसओ आरके यादव ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसी बीच किसी ने कुर्मिनपुरवा क्रय केंद्र पर किसी अनहोनी की सूचना एसओ को दी। एसओ क्रय केंद्र का जायजा लेने चले गए। इसी बीच एक बार फिर ट्रक चालक के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आग बुझा रहे दमकल कर्मियों को भगा दिया, एक बार फिर ट्रक को आग लगा दी। दोबारा घटना की सूचना मिलने पर एसओ ने किसी तरह फिर ग्रामीणों को शांत किया और ट्रक में लगी आग को बुझवाया। एसओ ने बताया कि ट्रक पूरी तरह से जल गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रक चलाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मौके पर सीओ पलिया, तिकुनियां और सिंगाही पुलिस को तैनात किया गया है।
दमकल और सीओ के वाहन भिड़े, शीशा टूटा
दमकल वाहन मुड़ते समय पीछे खड़े सीओ के वाहन से भिड़ गया, जिससे उसका साइड का शीशा टूट गया।
रीमा के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
रीमा की मौत के बाद उसके पिता रामप्रताप, मां शीला देवी, भाई मंगल वर्मा, बहन सोनिका और चाचा संतोष मौके पर पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।
बैंक अधिकारी बनना चाहती थी रीमा
रीमा शुरू से पढ़ने में काफी अच्छी थी। वह बैंक अधिकारी बनना चाहती थी।  
सपा जिलाध्यक्ष के रिश्ते की भतीजी थी रीमा
सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल का पैतृक गांव कुर्मिनपुरवा है। उनके पिता चंद्रमोहन के चचेरे भाई के बेटे की रीमा पुत्री थी। उसकी मौत से उनको गहरा सदमा लगा है।
विज्ञापन

बड़ी मुश्किल से सौंपा शव
एसओ आरके यादव और सिंगाही एसओ जेपी यादव को रीमा का शव लेने के लिए ग्रामीणों को काफी समझाना पड़ा। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने शव पुलिस के हवाले किया।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें