सड़क दुर्घटना में मारी गई गांव कुर्मिनपुरवा की छात्रा रीमा का बुधवार सुबह पुलिस फोर्स की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं ट्रक चालक की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन उसका पता नहीं चला। हादसे के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल ने भी आरोपी को शीघ्र पकड़ने और परिवार तथा गांव वालों से शांति बनाए रखने की अपील की।
कोचिंग से वापस जाते समय बस्तीपुरवा और देवीदीनपुरवा के बीच में एक गन्ने से भरे के नीचे कुचलकर रामप्रताप की पुत्री रीमा की मौत हो गई थी। उसके बाद नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी थी, जिससे पूरा ट्रक जल गया था। पुलिस ने किसी तरह से ग्रामीणों को शांत कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार देर रात एक बार फिर अचानक ट्रक जलने लगा। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने दमकल कर्मियों को बुलाकर जल रहे ट्रक को बुझाया। कुर्मिनपुरवा गन्ना क्रय केंद्र्र पर खड़े दो ट्रकों के शीशे भी ग्रामीणों ने तोड़ दिए। बुधवार की सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसओ आरके यादव ने मंगलवार देर रात कुर्मिनपुरवा गन्ना क्रय केंद्र पर खड़े ट्रकों को किसी तरह से बाहर निकलवाया। बाद में बुधवार को ग्रामीणों को समझाने पर क्रय केंद्र पर तौल शुरू हो सकी। जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल अपने पैतृक गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने परिवार वालों को ढाढ़स बंधाते हुए ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। एसओ आरके यादव ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ट्रक चालक आफाक को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लेगी।