गन्ना समिति में सभी किसान जमा करेंगे उद्धरण खतौनी
घोषणा पत्र न भरने वाले किसानों का बंद होगा सट्टा
बकाया गन्ना मूल्य के बदले उर्वरक-कीटनाशक ले सकेंगे किसान
डीएम आकाशदीप ने चीनी मिलों और गन्ना समितियों की ओर से किए जा रहे गन्ना सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए फर्जी सट्टाधारकों पर कड़ी कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। किसानों के गन्ना सर्वे में प्राप्त गन्ना क्षेत्रफल और कृृषि योग्य भूमि का मिलान कराने के लिए सभी गन्ना समितियों के सचिवों को किसानों से 15 दिन के अंदर उद्धरण खतौनी जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए किसानों को नोटिस जारी की जाएगी। साथ ही किसानों से उद्धरण खतौनी जमा कराते समय घोषणा पत्र अनिवार्य रूप से जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में गन्ना, राजस्व विभाग और चीनी मिलों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग के आयुक्त विपिन कुमार द्विवेदी के प्रयासों पर चर्चा की गई। 2016-17 में गन्ना सर्वे को यादगार बनाने के लिए कई प्रभावी कदम के तौर पर शत-प्रतिशत सर्वे जीपीएस प्रणाली से कराने पर जोर दिया गया। गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा में डीसीओ ने बताया कि प्रथम किस्त (230 रुपये प्रति क्विंटल) का छह मिलों गोला, पलिया, खंभारखेड़ा, ऐरा, बेलरायां और संपूर्णानगर पर दो अरब 80 करोड़ 30 लाख दो हजार रुपये बकाया हैं। जबकि एसएपी की दर से सभी नौ मिलों पर छह अरब 62 करोड़ 64 लाख 18 हजार रुपये बकाया है। डीएम ने बजाज ग्रुप की चीनी मिलों गोला, पलिया और खंभारखेड़ा पर अधिक गन्ना मूल्य बकाया होने पर जल्द भुगतान कराने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही सहकारी चीनी मिलों बेलरायां और संपूर्णानगर को भी शासनादेश के अनुसार अवशेष भुगतान जल्द करने के निर्देश दिए। इस बैठक में एडीएम एसपी सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैमुअल पाल, जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव, एसडीएम प्रमिल कुमार सिंह, आलोक कुमार, विनोद कुमार गुप्ता, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, नागेंद्र कुमार, शादाब असलम, लवकुमार सहित चीनी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बकाया के एवज में मुहैया कराएंगे खाद-कीटनाशक
डीसीओ जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि किसानों को सिंचाई और पेड़ी गन्ने पर यूरिया छिड़काव तथा गन्ने की फसल में रोगों की रोकथाम के लिए कीटनाशक तथा उर्वरक क्रय करना हैै, लेकिन गन्ना मूल्य न मिलने के कारण किसान आर्थिक रूप से कमजोर हैं। जबकि चीनी मिलें आवश्यक उर्वरक एवं कीटनाशक नकद दे रहीं हैं। इस पर डीएम ने ने बजाज ग्रुप की गोला, पलिया और खंभारखेड़ा क्षेत्र में बकाया गन्ना मूल्य के बदले उर्वरक, कीटनाशक बांटे जाने के निर्देश दिए।