- चोरों ने उड़ाया हजारों का माल
- शटर से तोड़े गए ताले भी ले गए साथ
- इस दुकान में एक माह के भीतर दूसरी चोरी
- मुख्य मार्ग पर इस तरह हुई चोरी बनी चर्चा का विषय
चोरों ने स्टेशन रोड पर पुराने बस अड्डे के पास एक किराने की दुकान के ताले तोड़ दिए और भीतर से नगदी समेत हजारों रुपये का माल पार कर ले गए। एक माह के भीतर इस दुकान में यह दूसरी चोरी है। चोर यहां से तोड़े गए ताले भी साथ ले गए हैं। स्टेशन रोड शहर का मुख्य मार्ग है और इस पर हुई चोरी चर्चा का विषय बन गई है।
शहर के मोहल्ला पठान दो निवासी मुजीबुल हसन खां की स्टेशन रोड पर पुराने बस अड्डे के पास शीबा जनरल स्टोर के नाम से किराने की दुकान है। शनिवार की देर रात इस दुकान के शटर में लगे ताले चोरों ने तोड़ दिए और भीतर गुल्लक में पड़ी करीब 1200 रुपये की रेजगारी, डाबर आंवला तेल, बजाज तेल, पैराशूट नारियल तेल, डव साबुन, चाय, फेयर एंड लवली, सेसा तेल आदि तमाम कीमती उत्पाद चोरी कर ले गए। चोरी गए माल की कीमत हजारों रुपये है। चोर यहां से तोड़े गए ताले भी साथ ले गए हैं। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया है। तहरीर पुलिस को दे दी गई है। बता दें कि इससे पहले 19 अप्रैल को चोरों ने दुकान के ताले तोड़ दिए थे और भीतर से नगदी समेत करीब 50 हजार रुपये का माल पार कर दिया था। एक माह के भीतर हुई दूसरी चोरी ने जहां दुकानदार को झटका दिया है, वहीं इस चोरी ने अन्य दुकानदारों की नींद उड़ा दी है।