सदर कोतवाली क्षेत्र के राजापुर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित वीरबाबा मंदिर के बाहर खड़ी बाइक को चोरी कर भाग रहे तीन ऑटोलिफ्टरों को पब्लिक ने धर दबोचा। इसके बाद तीनों आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने तीनों का चालान भेजा है।
मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी आदित्य मिश्रा बुधवार को वीरबाबा मंदिर गया था। उसने बाइक को बाहर खड़ा कर दिया था। वापस आने पर देखा कि तीन लोग उसकी पैशन बाइक को लेकर भाग रहे हैं। उसने शोर मचाया तो दुकानदारों ने एकजुट होकर बाइक से भाग रहे तीनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ की। कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए लोगों की पहचान एजाज निवासी कुरियाना, सलीम उर्फ छोटू निवासी महेवागंज और शहंशाह निवासी भूतनाथ फटकिया गोला के तौर पर हुई है। सभी का चालान भेजा गया है।