एक नेपाली युवक को भी किया गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी कर नदी घाट से नेपाल ले जाया जा रहा लगभग एक लाख रुपए की कीमत का प्रतिबंधित सामान एसएसबी ने बरामद किया है। साथ ही एक नेपाली युवक को भी गिरफ्तार किया है। बरामद माल को कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी गौरीफंटा चौकी के सहायक कमांडेंट संतोष पंडित ने बताया कि सीमा के निकट अवैध रूप से बसी बनगवां मंडी से कपड़ा, लेडीज चप्पल, जैकेट आदि सामान को पिलर संखया 169 सी पर पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि माल के साथ एक नेपाली युवक भी पकड़ा गया है। माल की कीमत एक लाख 41 हजार रुपए बताई गई है। जिसे कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है। कुछ दिनों पूर्व इसी कंपनी ने नेपाल ले जाया जा रहा 71 हजार का सामान पिलर संख्या 169 डी के पास से पकड़ा था। गौरतलब है कि सीमा पर अवैध बसी बनगवां, गौरीफंटा और सूंड़ा मंडियों से लाखों रुपए की तस्करी का अवैध कारोबार होता है। इसमें तस्करों ने नया हथकंडा अपनाते हुए नदी घाटों से माल पार करवाने का तरीका अजमाना शुरू कर दिया है। कैरियरों के माध्यम से यह माल भारत से नेपाल और नेपाल से भारत तस्करी कर लाया जाता है।