सिंगाही रोड पर हो रही लगातार लूट से क्षेत्र में दहशत
वसूली करके बाइक से कस्बा आ रहे एक मुनीम से नकाबपोश बदमाशों ने सरेशाम उसकी पिटाई कर उसके पास मौजूद 12 हजार की नकदी और एक मोबाइल लूट लिया। करीब एक सप्ताह पहले इसी रोड पर सिंगाही थाने में पलिया के एक मुनीम से लूट हुई थी। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत है।
लुधौरी निवासी राहुल गुप्ता लुधौरी के पूर्व प्रधान प्रभा त्रिपाठी की पतंजलि की दुकान में मुनीम है। वह दुकान की उधारी का पैसा वसूलने सिंगाही गया था। वहां से वापस बाइक से आ रहा था। सिंगाही थाने की सरहद पर बना सरयू नदी के पुल को जैसे ही क्रास किया इसी बीच पीछे से आ रहे दो नकाबपोश बदमाशों ने उसकी बाइक के नजदीक जाकर बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। बाइक गिरते ही बदमाशों ने राहुल को उठने का मौका भी नहीं दिया और उसकी पिटाई कर तमंचे के बल पर 12 हजार की नकदी और एक मोबाइल लूट लिया। राहुल ने बताया कि बदमाश नई बिना नंबर की गाड़ी सुपर स्पलेंडर से थे। इसी पुल के कुछ दूरी पर सिंगाही थाना क्षेत्र में बीते 28 सिंतंबर को पलिया स्थित मुकेश बैरिंग हाउस के मुनीम रामप्रकाश सोनी से इसी तर्ज पर दो बदमाश एक लाख की नकदी लूट कर फरार हो गए थे। लगातार हो रही घटना के बाद भी पुलिस ने इसी रोड पर हो रही लगातार घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम हो रही है। बीते चार माह में इसी रोड पर आधा दर्जन से अधिक घटनाओं को बदमाश अंजाम दे चुके हैं।