भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र में बनगवां बाजार से एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने दक्षिण अफ्रीका के एक नागरिक को पकड़ा है। उसके साथ एक नेपाली को भी पकड़ा गया है, जो अफ्रीकी नागरिक को यहां लाया था। अफ्रीकी युवक खुद को फुटबॉलर बता रहा है।
उसके पास पासपोर्ट नहीं मिला है। उसका वीजा भी अगस्त में समाप्त हो गया था। दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ने पासपोर्ट गायब होने का एफिडेविट भी एसएसबी को सौंपा है। एसएसबी कैंप में दोनों से पूछताछ की जा रही है। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को भी दी गई है।
भारत-नेपाल सीमा पर दो विदेशी नागरिकों के टहलने की सूचना एसएसबी को मिली थी। इस पर बनगवां बाजार से एसएसबी ने दो लोगों को पकड़ा। इनमें दक्षिण अफ्रीका निवासी डिओमंड पुत्र एरान और नेपाल निवासी अनिल कथायत शामिल हैं। पूछताछ में डिओमंड ने बताया कि वह नेपाल में फुटबॉल खेलने आया था। वह अनिल कथायत के साथ बॉर्डर की बनगवां मंडी आया था। उसके पास से 60 हजार रुपये भी मिले हैं।
विदेशी नागरिक डिओमंड के पास जरूरी कागजात नहीं हैं। उसने पूछताछ में बताया कि उसका पासपोर्ट गुम हो गया है और वीजा अगस्त में समाप्त हो चुका है। वह फुटबॉल टूर्नामेंट खेलने नेपाल आया था, वहीं से खेलने के एवज में मिले 60 हजार रुपये उसके पास हैं। उसने पासपोर्ट गुम होने से संबंधित एक एफिडेवरिट भी प्रस्तुत किया है, जिसकी भी जांच की जा रही है।