लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बृहस्पतिवार की दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक रोक ली और बाइक सवार दो भाइयों के पास से 60 हजार रुपये से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित कस्बे की एसबीआई शाखा से रुपये निकालकर शाहजहांपुर जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
कोतवाली पसगवां के ग्राम काशीपुर निवासी राहुल ने कस्बा जंगबहादुरगंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 60 हजार रुपये निकाले और पुत्र अतुल कुमार को दे दिए। अतुल अपने चचेरे भाई अनुज कुमार के साथ शाहजहांपुर जा रहा था। दोपहर करीब तीन बजे उचौलिया चौकी के अंतर्गत हाइवे पर सोनौआ तिराहा के निकट पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उनको रुकने का इशारा किया। जैसे ही राहुल ने बाइक धीमी की तभी मौका पाकर दूसरी बाइक पर सवार बदमाश रुपयों से भरा थैला छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने पसगवां पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सीओ मोहम्मदी विजय आनंद, इंस्पेक्टर अमर सिंह रघुवंशी ने जेबीगंज स्थित एसबीआई की शाखा पहुंच कर पीड़ितों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर बदमाशों की पहचान कराने के भी प्रयास किए। प्रभारी निरीक्षक अमरसिंह रघुवंशी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।