- 13 जुलाई को मुनीम से बदमाशों ने लूटे थे 74 हजार
- लुटेरों के न पकड़े जाने से हो रही पुलिस की फजीहत
लुटेरों के सामने हाइटेक पुलिसिंग व्यवस्था फेल होती जा रही है। मुनीम से 74 हजार रुपये लूटे जाने की घटना को 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन स्मार्ट पुलिसिंग का दावा करने वाली सिंगाही पुलिस लुटेरों के सामने लाचार होती दिख रही है।
बता दें कि 13 जुलाई को गांव तकियापुरवा निवासी मुनीम प्रेमपाल खाद की दुकान बंद कर साइकिल से घर वापस आ रहा था। बेलरायां-तिकुनियां मार्ग पर बदमाशों ने गांव उमरा के पास स्थित पुलिया के पास उसे रोक लिया और उसकी पिटाई कर 74 हजार रुपये की नगदी, मोबाइल और साइकिल लूट ली थी। खाद कारोबारी कस्बा बेलरायां निवासी सर्वेश शर्मा ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की सुरागरसी की। पुलिस अंधेरे में तीर चलाते हुए अब तक आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है, लेकिन नतीजा सिफर रहा है। पुलिस के हाथ न चढ़ने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और सिंगाही पुलिस उन्हें पकड़ने में लाचार सी नजर आ रही है।