सिंगाही थाना क्षेत्र के गांव श्यामनगर टांडा में भूमि विवाद सुलझाने पहुंचे सिपाहियों के सामने आरोपी पक्ष ने शिकायतकर्ता के ऊपर हमला कर दिया। इस दौरान बचाने आए सिपाहियों पर हमला किया। इससे गुस्साए सिपाहियों ने देर शाम दोबारा जाकर आरोपी पक्ष के घर में जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को खूब पीटा। पुलिस ने मामले में शिकायतकर्ता की ओर से आरोपी पक्ष की चार महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ बलवा समेत कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज की है।
सिंगाही के गांव श्यामनगर टांडा निवासी करीम ने बताया कि पड़ोस के अबरारी और यूनुस से उसका भूमि विवाद है। दीपावली की रात करीब एक बजे हल्का दरोगा पुलिस टीम के साथ करीम के घर जा धमके और वहां पर किसी को न पाकर घर में मौजूद महिलाओं असमा पत्नी जुम्मन, हदीसुन पत्नी अंजान, शर्मीला पत्नी जुमराती, जाबिरा पत्नी करीम को खूब पीटा। आरोप है कि पुलिस वालों ने घर पर पडे़ छप्पर, सीडी, टीवी, बक्शा, अनाज से भरी डेहरिया, नल, चूल्हा, चारपाई आदि समान तोड़ डाला। आरोप है कि बक्शे में रखी 20 हजार की नकदी, पायल और सोने की चेन आदि भी उठा ले गए। इसके बाद पुलिस टीम पड़ोस में रह रहे इस्लाम के घर में भी तोड़फोड़ की। इधर इस बाबत एसओ सिंगाही जेपी यादव ने बताया कि यूनुस के खेत की मेड़ का विवाद जुम्मन आदि से है। यूनुस की शिकायत पर सिपाही जुम्मन के घर गए थे। यूनुस भी सिपाहियों के साथ था। गांव पहुंचने पर जुम्मन आदि ने यूनुस पर हमला कर दिया। यूनुस को बचाने में सिपाहियों पर भी हमला हुआ। गनीमत रही कि किसी भी सिपाही को चोट नहीं आई। पिटाई और तोड़फोड़ का आरोप निराधार है। शाम को पुलिस आरोपी पक्ष को पकड़ने गई थी, लेकिन घर में कोई पुरुष नहीं मिला, जिस पर टीम लौट आई थी। मामले में यूनुस की तहरीर पर जुम्मन, जुबराती, अंजान, सफीक, करीम, हदीसुन पत्नी जुमराती, हसमा पत्नी जुम्मन, आशिया पत्नी छग्गन समेत नौ लोगों के खिलाफ बलवा आदि की धाराओं में मुकद्दमा दर्ज किया है।
दोपहर में भी अभद्रता
करीम ने बताया कि दीपावली के दिन करीब दो बजे हल्के के दो आए और विवादित जमीन पर चढे़ छप्परों को हटाने लगे। इस बात का विरोध जब परिवार वालों ने की तो नाराज सिपाहियों ने करीम को ग्रामीणों के सामने पीट दिया था। बाद में सिपाही चले गए थे।