जिले में मंगलवार की रात अलग-अलग हुए हादसों में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मितौली क्षेत्र के कस्ता में एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बारात में शामिल होने जा रहे 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जबकि ईसानगर क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में अपनी पुत्री की बरीक्षा करने जा रहे युवक और एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
मितौली क्षेत्र के गांव खमरिया निवासी बनवारी का पुत्र 13 वर्षीय सैनिक अपने बड़े भाई 18 वर्षीय रोहित के साथ बाइक से बारात में शामिल होने के लिए बेहजम जा रहा था। गनेशपुर गांव से रात में बेहजम जाने के लिए दोनों भाई बाइक से निकले थे, रास्ते में कस्ता स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस ने 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां इलाज के दौरान 13 वर्र्षीय सैनिक की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल रोहित को लखनऊ रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक किशोर के परिवार वाले जिला अस्पताल पहुंच गए।
ईसानगर। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर भदफर पुलिस चौकी के पास हुए हादसे में बाइक सवार खीरी थाना क्षेत्र के गांव लोनियनपुरवा निवासी 36 वर्षीय रामखेलावन की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। रामखेलावन गांव के ही ओमप्रकाश के साथ अपनी पुत्री की बरीक्षा करने के लिए धौरहरा क्षेत्र के गांव नरैनाबाबा जा रहा था। रास्ते में बाइक चला रहे ओमप्रकाश ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिसमें असंतुलित होकर बाइक पर पीछे बैठा रामखेलावन रोड पर गिर गया। तभी पीछे से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे रामखेलावन की मौके पर ही मौत हो गई।
ईसानगर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी खमरिया के तहत गांव नगरिया के पास मंगलवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आकर साइकिल सवार भेड़हिया गांव निवासी 60 वर्र्षीय पुत्तूलाल की मौत हो गई। बताते हैं कि रात में पुत्तूलाल एक लड़के के साथ कहीं जा रहा था। हादसे के बाद ट्रैैक्टर समेत चालक मौके से फरार हो गया। जबकि साइकिल चला रहा लड़का भी मौके से लापता र्है। ईसानगर पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।