सदर कोतवाली क्षेत्र में 15 फरवरी को संदिग्ध हालात में झुलसे एक युवक की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को मृतक के बड़े भाई ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर ग्राम प्रधान और उसके भाई पर डेढ़ लाख की चोरी के आरोप में उसके भाई की पिटाई करने और मिट्टी का तेल डालकर जलाने का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस ने एससीएसटी एक्ट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मूड़ा धामू गांव निवासी अनुज ने तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई अमित ग्राम प्रधान संजय वर्मा के यहां पिछले कई वर्षों से नौकरी करता था। 15 फरवरी को प्रधान के यहां डेढ़ लाख की चोरी हुई। आरोप है कि प्रधान ने अमित पर चोरी का आरोप लगाकर पिटाई की। उसके बाद उसे घर भेज दिया गया। 16 फरवरी को प्रधान संजय वर्मा अपने भाई हरिकिशन के साथ अमित के घर पहुंचे और उसे ले गए। अमित की पिटाई करने के बाद मिट्टी का तेल डालकर जला दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। अनुज का कहना है कि लोगों की मदद से अमित को लखनऊ में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान 20 फरवरी की शाम को उसकी मौत हो गई। 21 फरवरी को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अनुज की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ग्राम प्रधान संजय वर्मा और भाई पर हरिकिशन के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसएसआई सदर कोतवाली एसएन यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मूड़ा धामू गांव में जाकर छानबीन की है। वादी के बताए गए घटनास्थल को भी देखा है और परिवारीजनों से भी बात की गई है। मुकदमे में आरोपित ग्राम प्रधान और उसके भाई का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने तक कुछ भी कह पाना मुश्किल है।