नेपाल से दिल्ली जा रही बस ने गोला खुटार मार्ग स्थित नौवाखेड़ा गांव के पास डनलप में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही किसान और दो बैलों की मौत हो गई है।
मैलानी थाना क्षेत्र के नौवाखेड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय महेंद्र वर्मा मंगलवार की सुबह डनलप लेकर खेत पर जा रहे थे। गांव के समीप सड़क पर जब वह बैलगाड़ी लेकर पहुंचे तो तेज गति से दिल्ली जा रही बस ने डनलप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डनलप के टुकड़े हो गए और महेंद्र वर्मा सहित दोनों बैलों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर गांव के तमाम लोग वहां एकत्र हो गए और महेंद्र के घर कोहराम मच गया। चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।