मोहल्ला राजगढ़ मे किराए के मकान में रहता था मोनू, भाई ने जताया हत्या का संदेह
मोहल्ला राजगढ़ में किराए के मकान में रह रहे मोहल्ले के ही युवक का शव उसके कमरे में कुंडे से लटकता मिला है। मृतक के भाई ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला राजगढ़ निवासी सोनू (22)ने बताया कि वह तीन भाईं हैं। माता-पिता की मौत हो चुकी है। छोटा भाई और वह पुश्तैनी मकान में रहते हैं, जबकि मंझला भाई मोनू मोहल्ले में ही एक मकान में किराए पर रहता था। उन्होंने बताया कि मोनू न्यू पब्लिक स्कूल का रिक्शा चलाकर बच्चों को लाता और ले जाता था। रविवार की दोपहर बाद उसे जानकारी मिली की उसके भाई ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा की मोनू सूत की पतली रस्सी से लटका हुआ था। उसके पैर पूरी तरह से जमीन पर लगे थे। पास में ही एक स्टूल गिरा पड़ा था। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।